6.2.13

कांग्रेसियों का कमाल, राहुल 'शिव' और सोनिया 'लक्ष्मीबाई'

Posted on Feb 06, 2013 at 01:25pm IST | Updated Feb 06, 2013 at 01:47pm IST

इलाहाबाद। तीर्थराज प्रयाग में चल रहा दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समागम अब राजनीति का अखाड़ा बनता जा है। महाकुंभ मेले में आयोजित संत समागम में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आगे करने की अटकलों के बीच जवाबी कारवाई करते हुए कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कुंभ क्षेत्र में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को झांसी की रानी 'लक्ष्मी बाई' और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भगवान 'शिव' के रूप में प्रदर्शित करने वाले होर्डिंग लगा दिए।
संगम क्षेत्र में प्रवेश करते ही अखाड़ों के प्रवेशद्वार पर इलाहाबाद के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने एक होर्डिग लगाया है, जिसमें राहुल गांधी को भगवान शिव का रूप दिया गया है। इसमें एक तरफ राहुल नजर आते हैं तो दूसरी तरफ भगवान शिव की तस्वीर है। उनके माथे पर तीसरी आंख बनाई गई है। उनके गले के हिस्से को नीले रंग से दर्शाते हुए उनकी तुलना 'नील कंठ' भगवान से की गई है। तस्वीरों के ठीक नीचे लिखा गया है- "सत्ता में जहर है, ठीक है और जो जहर पीता है वही नीलकंठ होता है।" आगे लिखा है- "उठा ले हलाहल और शंकर हो जा।"
कांग्रेसियों का कमाल, राहुल 'शिव' और सोनिया 'लक्ष्मीबाई'
इस होर्डिग को लगाने वाले कांग्रेस के स्थानीय नेता बाबा अभय अवस्थी का कहना है कि जिस तरह से बिना मतलब के पिछले तीन दिन से बीजेपी के लोग धर्म क्षेत्र को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील कर रहे हैं, उसी तरह हम भी चाहते हैं कि राहुल गांधी जन कल्याण के लिए प्रधानमंत्री का पद स्वीकार करें और यहां कुंभ क्षेत्र में आएं।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक और छोटा होर्डिग मेला क्षेत्र में लगाया है। इसमें सोनिया को झांसी की रानी के रूप में दिखाया गया है। उनके पीछे एक बच्चा बंधा हुआ है। इसमें राहुल की तस्वीर लगाई गई है। होर्डिग की दूसरी तरफ वीरता को दर्शाने वाली कुछ लाइनें लिखी गई हैं- "खूब लड़ी मर्दानी वह तो दस जनपथ वाली रानी है।" पोस्टर लगाने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता इसे कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा बता रहे हैं।
गौरतलब है कि महाकुंभ में कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के जल्द ही आने की चर्चा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.