22.7.12

हरियाणा भूमि अधिग्रहण आंदोलन में हिंसा, 25 घायल


Posted on Jul 22, 2012 at 09:11pm IST

रेवाड़ी।हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदलोन रविवार को हिंसक हो गया और इस दौरान किसान और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई जिसमें 25 लोग घायल हो गए। बावल में किसानों के विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस ने रविवार को हवा में गोलियां दागी, अश्रुगैस छोड़े और लाठीचार्ज किया। किसान दिल्ली-जयपुर राजमार्ग को जाम करना चाहते थे। लेकिन पुलिस उन्हें ऐसा करने से रोक रही थी।
इसके बाद उग्र किसानों जिसमें गुर्जर समुदाय के लोग ज्यादा थे, ने कुछ पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया, थाने में आग लगा दी और कई वाहनों को आग हवाले कर दिया।
पुलिस सूत्र ने बताया कि पांच वाहनों को आग हवाले कर दिया गया जिसमें राज्य परिवहन की एक बस शामिल है। अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक एक किसान को गोली लगी है। जिला प्रशासन के अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बावल के नजदीक हुई घटना में कुछ पुलिसकर्मी तथा किसान घायल हो गए। किसानों ने कसौला में एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी किसानों ने कई पुलिस कर्मियों को बंधक बना लिया तथा एक एम्बुलेंस सहित दर्जनभर से अधिक वाहनों को आग लगा दी। पुलिस ने पहले लाठी चार्ज किया और फिर गोली चलाई। मालूम हो कि 15 गांवों के किसान भूमि अधिग्रहण के खिलाफ महापंचायत में जुटे थे। औद्योगिक क्षेत्र के लिए इस इलाके में 3300 एकड़ भूमि अधिग्रहण किए जाने की बात कही जा रही है।
इस महीने की शुरुआत में भी किसानों ने भूमि अधिग्रहण के खिलाफ सरकारी संपत्तियों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.